परमानंदपुर ओपी क्षेत्र के बरदाहा गांव वार्ड-4 में घर के आगे मचान पर सोई एक अधेड़ महिला को अपराधियों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला का इलाज सहरसा के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात कौशल्या देवी सड़क किनारे दरवाजे पर बने मचान पर सोई हुई थी।
रात करीब 12 बजे 4-5 की संख्या में आए बाइक सवार अपराधियों ने उसपर धड़ाधड़ 3 गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर महिला के पति भूपेंद्र यादव सहित अन्य लोग दौड़ कर वहां पहुंचे। तब तक सभी अपराधी घटना स्थल से भाग चुके थे। बताया गया कि महिला को दो गोली बांह में लगी है। आनन-फानन में परिजनों ने घायल महिला को सहरसा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। गोली लगने से घायल महिला के पति भूपेंद्र यादव ने बताया कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्रवधू मधु माला देवी ने ही जमीन हड़पने के लिए अपने भाइयों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने चंदन यादव सहित पांच अन्य लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। वहीं दूसरी ओर घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।