संवाद सूत्र, खरीक (भागलपुर)। खरीक थाना क्षेत्र में एक देवर ने भाभी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया तो भाभी ने धारदार हथियार से देवर का गुप्तांग काट दिया। इसके बाद जख्मी देवर ने अपनी पत्नी समेत अन्य स्वजनों के साथ मिलकर भाभी की जमकर पिटाई कर दी।
घायल महिला को पड़ोस के लोगों ने इलाज के लिए खरीक पीएचसी में भर्ती कराया। वहां से बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। भाभी के हमले में घायल देवर का इलाज पीएचसी में हुआ। घायल युवक ने भाभी के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है, जिसमें पारिवारिक विवाद में घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपित देवर अचानक अपनी भाभी के कमरे में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगा। भाभी ने धारदार हथियार से देवर के गुप्तांग पर हमला कर दिया। अत्यधिक खून बहने के कारण घायल देवर की स्थिति गंभीर बनी है। महिला का पति दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करता है। प्रभारी थानाध्यक्ष सूबेदार पासवान ने बताया कि महिला को इलाज में भेजा गया है। शिकायत व आवेदन मिलने के पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी।