मधेपुरा जिला के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत पुरैनी में दुर्गा पूजा की खुशी कई परिवारों के लिए मातम में बदल गया। चौसा-योगिराज पथ पर दुर्गा पूजा का मेला देख कर लौट रहे लोगों से भरा ट्रैक्टर पलट गया। इस सड़क हादसे में शुक्रवार की शाम दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, दो लोग घायल हो गए हैं।
सड़क किनारे लगे पौधों की वजह से कई लोगों की जान भी बच गई। गोगिराज गांव से ट्रैक्टर पर सवार होकर करीब 10-15 लोग पुरैनी मेला देखने गए थे। इसमें बच्चे और महिला भी शामिल थे। पुरैनी में लगे दुर्गा मेला देख कर ट्रैक्टर सवार बच्चे, महिला बुजुर्ग जोगिराज लौट रहे थे। इस दौरान पुरैनी बाजार के आगे पेट्रोल पंप के पास ट्रैक्टर का बैलेंस गड़बड़ा गया और वह सड़क किनारे 15 फिट गड्ढे में पलट गया। जिसमें इंजन के नीचे दबने से दो व्यक्ति देव उड़ाव और रंजीत उड़ाव की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी।
ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर सवार अन्य बच्चे, महिला और बुजुर्ग को सुरक्षित निकाला गया। मृतक रिश्ते में ससुर दामाद है जो परिवारवालों को ट्रैक्टर से मेला दिखाने ले गए थे। संयोग से ट्रेक्टर का डाला सड़क किनारे लगे पेड़ पर अटक गया जिस कारण वह नही पलटा जिससे डाला पर सवार लोग सुरक्षित बच गए। मृतक का नाम रंजीत उरांव और उसके ससुर देव उरांव हैं। इस दुर्घटना में घायल सभी लोग खतरे से बाहर हैं। दो लोगों को थोड़ी गंभीर चोट लगी है। सभी का इलाज पुरैनी पीएचसी में चल रहा है।