सहरसा के बिहरा थाना क्षेत्र में 2 बाइक पर सवार चार बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मारकर घायल कर दिया। आननफानन में परिजनों द्वारा जख्मी युवक को सहरसा स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इधर, पुलिस के अनुसार जिस युवक को गोली लगी है, वह गोलीबारी कांड में नामजद है। 8 जून को हुई गोलीबारी में उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि पुलिस को उसकी तलाश थी। इस केस से बचने के लिए युवक ने खुद ही गोली मार ली है। स्थानीय लोग किसी तरह की गोलीबारी की पुष्टि नहीं कर रहे हैं।
घायल संकेत झा ने बताया कि गुरुवार देर रात वह अपने घर से मंदिर की ओर जा रहा था। इसी दौरान 2 बाइक पर सवार 4 बदमाश आए और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। उन्होंने 4 राउंड फायरिंग की, जिसमें मैं घायल हो गया। उसने बताया कि बरहशेर निवासी सुकुमार झा और पटोरी निवासी सौरभ सिंह ने गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया है।
इधर, पुलिस ने बताया कि 8 जून को घायल युवक संकेत झा ने अपने सहयोगियों के साथ मुख्तार मंदिर के पास दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें 23 वर्षीय मनखुश झा जख्मी हो गया था। बिहरा थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार झा ने बताया कि गोलीबारी की सूचना है, लेकिन स्थानीय लोग इसकी पुष्टि नहीं कर रहे हैं। घटना में एक 18 वर्षीय युवक जख्मी हो गया, जिसका इलाज निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। उन्होंने बताया संकेत झा ने 8 जून को गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें मनखुस झा जख्मी हुआ था। पीड़ित पक्ष द्वारा संकेत झा व उसके पिता समेत अन्य को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि संकेत झा की तलाश पुलिस को थी। उस मामले में संकेत फरार चल रहा था। केस से बचने के लिए इसने खुद को गोली मारकर दूसरे पक्ष के लोगों को नामजद किया है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में जख्मी युवक का इलाज चल रहा है।