SAHARSA : सहरसा। बैजनाथपुर पुलिस शिविर क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत स्थित ईटहारा गांव साहू टोला वार्ड नंबर छह में गुरुवार को भूमि विवाद के कारण दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें एक पक्ष द्वारा दर्जनों चक्र गोलियां चलाई गई। गोलीबारी की इस घटना में दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी का इलाज निजी क्लिनिक सहरसा में चल रहा है। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं मारपीट की घटना में दूसरे पक्ष के लोग भी जख्मी हैं।
जानकारी के अनुसार, झरिलाल साह एवं उपेन्द्र साह के बीच पूर्व से दो कट्ठा पांच धूर जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि इसी बात को लेकर एक पक्ष के उपेन्द्र साह एवं दूसरे पक्ष के झरिलाल साह के बीच गुरूवार को फिर से विवाद हो गया। विवाद के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। उसी दौरान झरिलाल साह के पक्ष के लोगों ने गोलीबारी की। इसमें उपेन्द्र साह के पुत्र भूपेन्द्र साह को पेट में गोली लग गई। मारपीट के दौरान महिलाओं के साथ भी मारपीट की गई। गोली लगने से जख्मी को स्वजनों के सहयोग से सहरसा के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। जहां इलाज चल रहा है। मारपीट की इस घटना में झरिलाल साह के पक्ष के लोग भी जख्मी हुए हैं जिसे स्वजनों द्वारा इलाज के लिए सीएचसी सौरबाजार में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सक ने नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया।
ज्ञात हो कि एक सप्ताह पूर्व जमीन संबंधित बैठक आयोजित की गई। जिसमें बुद्धिजीवी लोगों के समक्ष अमीन द्वारा जमीन की मापी की गई थी। इस संबंध में बैजनाथपुर पुलिस शिविर प्रभारी मजमुद्दीन अहमद ने बताया कि जमीन विवाद का मामला है। जांच कर दोषी लोगों के ऊपर कार्यवाही की जाएगी। समाचार संकलन के दौरान दोनों पक्षों से आवेदन नहीं दिया गया था।