बिहार में अगले हफ्ते तीन सौ पंचायतों का खत्म हो जाएगा अस्तित्व, यहां देखें सूची
राज्य ब्यूरो ,पटना: बिहार की तीन सौ ग्राम पंचायतों का अस्तित्व अगले हफ्ते समाप्त हो जाएगा। नगर निकायों के पुनर्गठन के बाद पंचायती राज विभाग ने ग्राम पंचायतों को विघटित करने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। अब शीघ्र ही औपचारिक घोषणा की तैयारी है। औपचारिकता पूरी होते ही अधिसूचना भी जारी कर दी जाएगी।
दरअसल, छह अप्रैल को पटना हाईकोर्ट में ईवीएम विवाद पर फैसला आना है। इसके तुरंत बाद पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होने की संभावना है। ऐसे में सरकार की ओर से नगर पंचायत, नगर परिषद और नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए पंचायतों का अस्तित्व समाप्त कर पंचायत चुनाव कराने की तैयारी है। 2021 के पंचायत चुनाव में इन क्षेत्रों में वार्ड सदस्य, पंच, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति और जिला पर्षद सदस्यों का निर्वाचन नहीं होगा। ग्राम पंचायतों के अस्तित्व के समाप्त होते ही नए नगर निकायों के गठन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
नगर निकाय में शामिल हुए पंचायत
पटना जिले मेंपुनपुन, बिहटा, संपतचक और पालीगंज तथा नालंदा जिले में हरनौत, सरमेरा, रहुई, परवलपुर, गिरियक, अस्थावां, एकंगरसराय और चंडी। भोजपुर जिले में गड़हनी एवं बक्सर जिले में चौसा और ब्रह्मपुर। कैमूर जिले में हाटा, कुदरा और रामगढ़। रोहतास जिले में चेनारी, दिनारा, काराकाट और रोहतास। मुजफ्फरपुर जिले में मुरौल, सकरा, बरूराज, मीनापुर, कुढऩी, सरैया, माधोपुर सुस्ता ग्राम पंचायत। वैशाली जिले में जंदाहा, गोरौल और पातेपुर। पश्चिमी चंपारण जिले में लौरिया और जोगापट्टी। मुंगेर जिले में तारापुर, शेखपुरा में चेवाड़ा और शेखोपुरसराय। जमुई जिले में सिकंदरा, खगडिय़ा में अलौली, परबत्ता, मानसी और बेलदौर है। गया जिले में वजीरगंज, फतेहपुर, डोभी, इमामगंज और खिजरसराय। औरंगाबाद जिले में बारूण और देव। नवादा जिले में रजौली और जहानाबाद जिले में घोसी और काको। अरवल जिले में कुर्था। पूर्णिया जिले में चंपानगर, बायसी, अमौर, जानकीनगर, धमदाहा, मीरगंज, भवानीपुर और रूपौली। कटिहार जिले में अमदाबाद और बलरामपुर। वहीं अररिया जिले में रानीगंज, जोकीहाट और नरपतगंज ग्राम पंचायत का अस्तित्व खत्म हो जाएगा।
इसी तरह दरभंगा जिले में कुशेश्वरस्थान पूर्वी, बहेड़ी, हायाघाट, घनश्यामपुर, बिरौल, भरवाड़ा, सिंहवाड़ा, जाले और कमतौल। मुधुबनी जिले में फुलपरास एवं समस्तीपुर जिले में सरायरंजन और मुसरीघरारी। भागलपुर जिले में हबीबपुर, सबौर, पीरपैंती और अकबरनगर। बांका में कटोरिया तथा बेगूसराय में बरौनी एवं मधेपुरा जिले में उदाकिशुनगंज और लखीसराय जिले में सूर्यगढ़ा ग्राम पंचायत नगर निकाय क्षेत्र का हिस्सा बन गया है।