सहरसा। शांतिपूर्ण माहौल में होली पर्व मनाने को लेकर बिहरा थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष प्रमोद झा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में होली पर्व सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारा के साथ पर्व मनाने पर चर्चा की गई। शांति समिति की बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि होली में हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सादे लिबास में भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे। उन्होंने विभागीय निर्देशानुसार होली मिलन समारोह नहीं मनाने का सबों से आग्रह किया। आपसी भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण होली पर्व मनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शराब का सेवन करने वाले व शराब बेचने वालों पर पुलिस की खास तैयारी है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से शराब बेचने वालों के बारे में सूचना पुलिस को देने की भी आग्रह किया। वहीं प्रखंड प्रमुख कृष्ण कुमार उर्फ माखन यादव ने पंचगछिया रेलवे स्टेशन स्थित बाजार एवं पटोरी बाजार में हर वर्ष हंगामा होने की बात कहते हुए होली के दौरान पुलिस गश्ती करने का आग्रह किया। इस मौके पर मुखिया रोशन सिंह कन्हैया, प्रखंड व्यापार मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार, पैक्स अध्यक्ष मिटू भगत, मुखिया सुरेश चौधरी, पैक्स अध्यक्ष अशोक महतो, समिति सदस्य दिनेश यादव, सरपंच विजय झा, मणिकांत झा, अनिल चौधरी, रुपेश कुमार, ब्रह्मादेव सिंह और अमित सिंह आदि मौजूद थे।