मधेपुरा। प्रखंड के चौसा पश्चिमी पंचायत में नीलगाय ने एक अधेड़ की जान ले ली है। अधेड़ चौसा पश्चिमी पंचायत वार्ड संख्या नौ बतीसा टोला के कोकाय शर्मा का पुत्र घरायन शर्मा था।
बताया गया कि धरायन शर्मा अन्य दिनों की तरह सोमवार को भी बतीसा टोला बहियार गया हुआ था। इसी दौरान नील गाय की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी लोगों को तब हुई। जब देर शाम तक व घर वापस नहीं आया। खोजबीन के बाद धरायन शर्मा का शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा हुआ था। वहीं पास में ही नीलगाय भी थी। घटना की जानकारी मिलते ही लोगों का हुजूम शव को देखने के लिए पहुंच गया। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शव को चौसा-नवगछिया मुख्य मार्ग पर रख कर चिरौरी मोड़ पर सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम की जानकारी मिलते ही एएसआइ आलोक कुमार अमल ने दलबल के साथ जाम स्थल पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को काफी समझा बुझा कर सड़क जाम को तोड़वाने का प्रयास किया। लेकिन लोगों ने उनकी बात नहीं मानी। लगभग दो घंटे बाद अंचल अधिकारी राकेश कुमार सिंह, सरपंच प्रतिनिधि गजेंद्र यादव, पूर्व मुखिया श्रवण कुमार पासवान, समाज सेवी संजय यादव, आफताब आलम, अरविद यादव ने आक्रोशित लोगों से जाम हटाने की पहल की। अंचलाधिकारी ने लोगों से कहा कि वन प्रमंडल विभाग द्वारा मुआवजे की मांग जाएगी और नील गाय पालने वालों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उसके बाद लोगों ने रात्रि के लगभग साढ़े नौ बजे जाम को हटा कर यातायात को बहाल कराया।