संवाद सूत्र, फुलवारीशरीफ: पटना से सटे फुलवारीशरीफ के रहने वाला इश्क में पागल एक युवक अपनी प्रेमिका के बुलावे पर उसके घर पहुंच गया। देर रात लड़की के पास पहुंचे युवक को गांव वालों ने पकड़ लिया। इसके बाद प्रेमी के घर वालों को बुलाया और पूरी घटना से अवगत कराया गया, जिसके बाद लड़के वालों ने भी सात फेरों के लिए हामी भर दी। दोनों की रात में ही शादी करा दी गई। विवाह के बाद यह तय हुआ कि जब तक प्रेमिका के बड़ी बहन की शादी नहीं हो जाती और उसकी पढ़ाई पूरी नहीं होती तब तक दो साल तक दुल्हा-दूल्हन के बीच दूरी बनी रहेगी। यानी दो साल तक प्रेमी और प्रेमिका अब एक साथ नहीं रह सकेंगे।
लड़की ने कर दिया प्यार का इजहार
फुलवारीशरीफ का एक युवक एक छात्रा से प्रेम करता था। दोनों काफी दिनों से एक दूसरे से छिप-छिपकर मिला करते थे। प्रेमिका के बुलावे पर बुधवार को युवक उसके घर पहुंच गया। घर वालों ने देख लिया और युवक को रोक लिया। लड़की के घर वाले लड़के के साथ कुछ बुरा करते इसी बीच लड़की ने अपने प्रेम का इजहार कर दिया। जानकारी मिलने पर पहुंचे लड़के के पिता ने बेटे से बात की और फिर रात में ही दोनों की शादी गांव वालों की मौजूदगी में करा दी गई।
दो साल तक दूरी बनाए रखने की शर्त
शादी के पूर्व यह तय हुआ कि लड़की की बड़ी बहन का अभी विवाह नहीं हुआ और लड़की भी अभी पढ़ाई कर रही है। इस कारण विवाह के बाद भी दोनों के बीच दो साल तक दूरी बनी रहेगी। जब तक लड़की की पढ़ाई भी पूरी हो जायेगी और उसके बड़ी बहन का विवाह भी।इसके बाद लड़की विदा कर दी जायेगी। शादी के बाद भी अगर पति पत्नी प्रेमी प्रेमिका की तरह मिलते जुलते हैं तब इसमें लड़का और लड़की पक्ष वालों को को एतेराज नहीं होगा।