पश्चिम चंपारण। गाना गुनगुनाना अच्छी चीज है। बशर्ते सही वक्त व स्थान पर हो। अगर, इसमें चूक हुई तो हालत पश्चिम चंपारण के चनपटिया दारोगा वाली हो सकती है। दरअसल, निरंजन कुमार चनपटिया थाना के प्रभारी हैं। एकदम भौकाल वाले। यदि गलती से कोई फरियाद लेकर पहुंच गया तो..समझिए वो तो गया।..और फोन कर दिया तो..बस..रहने ही दीजिए। इस बार यह'गलती' विधायक उमाकांत सिंह ने कर दी।
विधायक के साथ दारोगा ने वैसा कुछ व्यवहार तो नहीं किया, लेकिन 'हाल क्या है दिलों का न पूछो सनम' जैसे गाने अपने खास अंदाज में जरूर सुनाया। यह बात विधायक को नागवार गुजरी। उन्होंने लगे हाथ इसकी शिकायत एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा से कर दी। जिसमें पूर्व में भी गलत व्यवहार करने तथा क्षेत्र के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करने का हवाल उन्होंने दिया। मामला चंपारण रेंज के डीआइजी तक पहुंच गया। उनके कहने पर एसपी ने इस मामलेे की जांच का जिम्मा एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय को सौंप दिया। उनकी जांच में यह सही पाए जाने पर दारोगा को निलंबित कर दिया गया।
बीते 18 मार्च को चनपटिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 6 निवासी शंकर प्रसाद के पुत्र अनिल कुमार (22) की हत्या अज्ञात बदमाशों ने कर दी थी। खोमचे में मूंगफली बेचने वाले युवक की हत्या किए जाने के मामले की जानकारी विधायक को मिली तो उन्होंने बीते 19 मार्च की शाम में प्रभारी थानाध्यक्ष को फोन किया। विधायक घटना के बारे में जानकारी लेना चाह रहे थे। लेकिन दारोगा ने शायराना अंदाजा में विधायक से बात की। विधायक ने इसके बाद ही शिकायत एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा से की।