आरा। Bhojpur Crime भोजपुर जिले के आरा नगर (Town) थाना क्षेत्र अन्तर्गत वलीगंज, धरहरा चौकी के समीप बुधवार की देर रात रिसेप्शन से लौट रही दो मौसेरी बहनों को अपराधियों ने गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गई। सदर अस्पताल,आरा में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है। फायरिंग में जख्मी लड़कियां उत्तर प्रदेश के लोहता गांव (बनारस) निवासी मुबारक अली की 17 वर्षीया पुत्री शमा परवीन एवं उसकी मौसेरी बहन बक्सर जिला के डुमरांव थाना क्षेत्र के नया भोजपुर निवासी सनाउल्लाह की 16 वर्षीया पुत्री अलीशा नाज शामिल हैं। घटना रात डेढ़ बजे के आसपास की है ।
पहले बाइक रोकना चाहा फिर चला दी गोली
घायल किशोरियों के मामा मो चांद ने बताया कि वे दोनों टाउन थाना क्षेत्र के रौजा मोहल्ला अपने नानी घर आई थी। यहां से बुधवार की रात वे वलीगंज स्थित अपने रिश्तेदार एहसान खान के बेटे सोनू के रिसेप्शन में शामिल होने गई थीं। इसके बाद बाइक से अपने मामा चांद के साथ दोनों बहनें लौट रही थीं कि इसी बीच वलीगंज, धरहरा चौकी के समीप नशे में धुत तीन हथियारबंद अपराधी सामने आ गए। बाइक रोकने को कहा लेकिन चांद ने खतरा भांपते हुए बाइक नहीं रोकी तो उन्होंने फायरिंग कर दी। दोनों बहनों को गोली लग गई। इसके बाद अपराधी चंपत हो गए।
वारदात के बाद छानबीन में जुटी पुलिस
जख्मी अलीशा नाज को दायें के हाथ में कंधे के पास गोली लगी जो आर पार हो गई है। जबकि शमा परवीन के बायें हाथ में गोली फंसी हुई है। उन्हें सदर अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद में पटना रेफर कर दिया गया। बहरहाल अपराधियों के इस दुस्साहस से पुलिस को कड़ी चुनौती मिली है। देखना है कि आरोपित कब तक पुलिस के शिकंजे में आते हैं।