सहरसा। सत्तर पैक्स क्रय केन्द्र एवं आयुष राइस मिल पदमपुर का डीएम कौशल कुमार ने शुक्रवार को निरीक्षण किया। सत्तर पैक्स क्रय केंद्र पहुंचे डीएम ने अबतक किसानों से खरीद की गई धान एवं किसानों को किए गए भुगतान की विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने बिचौलियों से धान खरीदने वाले पैक्स अध्यक्ष के विरुद्ध केस दर्ज करने की चेतावनी दी तथा किसानों से ही धान खरीदारी का सख्त निर्देश दिया।
पैक्स अध्यक्ष अरविद यादव ने अबतक 12 हजार 154 क्विंटल धान 117 किसानों से खरीदने की जानकारी दी। उन्होंने 75 किसानों से खरीद की गई 7995 क्विंटल धान का एक करोड़ 51 लाख 34 हजार 534 भुगतान हो चुका है, जबकि 42 किसानों से खरीदे गए 4159 क्विटल धान का 78 लाख 72 हजार 987 रुपए भुगतान अबतक लंबित होने की जानकारी दी। डीएम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से खरीदे गए कुल 12 हजार 154 क्विटल धान में 4497 क्विटल धान गोदाम में मौजूद होने की बात कहते हुए 7657 क्विटल धान आयुष राइस मिल पदमपुर को भेजे जाने की जानकारी दी।
आयुष राइस मिल पदमपुर के संचालक चुन्नी देवी ने सत्तर पैक्स द्वारा 7657 क्विटल धान प्राप्त होने की जानकारी डीएम को दी जिसमें 4836 क्विटल धान का चावल एसएफसी में जमा होने की बात कही। शेष 2821 क्विंटल धान का चावल तैयार होने की जानकारी देते हुए इंफोर्समेंट के अभाव में चावल एसएफसी में जमा नहीं हो पाने की बात कही। उन्होंने तैयार चावल शीघ्र जमा नहीं हो पाने पर चावल खराब होने की आशंका भी जतायी। उन्होंने अपने राइस मिल में सत्तर पैक्स समेत चार पैक्स टैग होने की बात कही। जिसमें नवहट्टा, पटोरी एवं बिहरा द्वारा जमा धान का चावल एसएफसी में जमा कर दिये जाने की जानकारी दी। पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष सुरेश यादव ने सबसे अधिक चावल तैयार करने वाले आयुष राइस मिल पदमपुर में मात्र चार पैक्स को जोड़ने की जानकारी देते हुए अन्य पैक्सों को भी जोड़े जाने का आग्रह डीएम से किया।
इस मौके पर सहकारिता पदाधिकारी मुख्यालय भुवनेश्वर ठाकुर, जिला कृषि पदाधिकारी दिनेश प्रसाद सिंह, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी रवि शेखर झा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिलीप रजक आदि मौजूद थे।