पंखे से लटकी मिली एयरफोर्स जवान की लाश:पूर्णिया के चूनापूर एयरफोर्स स्टेशन पर हिमाचल निवासी जवान ने की खुदकुशी; 3 साल पहले हुई थी शादी
पूर्णिया में चूनापुर एयरफोर्स स्टेशन के एक जवान ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले निवासी जसविंदर सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चूनापुर एयरफोर्स स्टेशन के मिलिट्री इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट में क्लर्क पद पर तैनात थे। खुदकुशी की घटना शुक्रवार को हुई है। इसके बाद स्टेशन में हड़कंप मच गया। एयरफोर्स के अधिकारियों ने नगर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस वहां पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।सदर SDPO आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि जसविंदर सिंह के परिजनों को सूचना भेज दी गई है। जवान का शव उनके कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला है। एयरफोर्स स्टेशन के अधिकारियों से मामले में जानकारी ली जा रही है। आगे की कार्रवाई चल रही है।
सहकर्मियों ने बताया - उससे कम थी बोलचाल
जसविंदर सिंह के सहकर्मियों ने पुलिस को जानकारी दी कि वह लोगों से कम बोलचाल करता था। शुक्रवार सुबह 9 बजे ड्यूटी से पहले उससे मुलाकात हुई थी. तब वह सामान्य ही लग रहा था। इसके बाद हमलोग तैयार होने के लिए अपने-अपने कमरे में चले गए। वह भी अपने कमरे में चला गया। दोपहर तक जब वह ड्यूटी पर नहीं आया तो हमलोगों ने खोजबीन शुरू की। जब वह नहीं मिला तो उसके कमरे की तरफ गए। कमरा अंदर से लॉक था। संदेह होने पर दरवाजा तोड़ा तो देखा कि उसका शव पंखे से लटक रहा था। गले में तार का फंदा लगा पंखे से लटका था।
3 साल पहले शादी हुई, दो साल का बेटा भी है
जसविंदर ऊना के उपमंडल बंगाणा के गांव मलांगड़ निवासी था। उसकी शादी 3 साल पहले तनु नाम की लड़की से हुई थी और दो साल का बेटा भी है। जसविंदर के पिता हरसीला राम भी सेना से रिटायर्ड हैं। उसका शव लेने भाई विशंभर बिहार पहुंचा था। सैन्य अधिकारियों ने जसविंदर का शव मिलने की खबर परिजनों को दी थी जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया था। ग्रामवासियों के अनुसार उसे किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं थी, वह ऐसे आत्महत्या का कदम नहीं उठा सकता।