मधेपुरा में दो गुटों के विवाद में युवक को पीट-पीटकर मार डालने की घटनाएं थम नहीं रहीं हैं। चौसा में 3 घंटे तक बंधक बनाकर युवक को अधमरा कर देने वाली घटना के बाद अब कुमारखंड का मामला सामने आया है। एक हफ्ते पहले हुए दो गुटों में हुए मारपीट में एक युवक को पीट-पीटकर घायल कर दिया गया था। गुरुवार देर रात उसकी मौत को हो गई। मौत के बाद शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। SH 91 पर आगजनी कर जमकर तोड़फोड़ भी की। करीब 2 घंटे के बाद पुलिस के पहुंचने पर ही जाम को हटवाया जा सका। मृतक की पहचान सिंहपुर के वार्ड नंबर 5 निवासी दशरथ साह के रूप में की गई है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि जमीन विवाद में पीट-पीटकर हत्या की गई है। मामले में दोनों पक्षों ने FIR दर्ज कराई है।
सड़क विवाद में भिड़े थे दो गुट
सिंहपुर के वार्ड नंबर 5 में बस्ती से होकर सड़क नहीं होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। कई बार गांव में सड़क निर्माण को लेकर पंचायत भी बैठी। सामूहिक निर्णय लिया गया कि गांव के लोग अपनी-अपनी जमीन सड़क के लिए देंगे। अमीन द्वारा जमीन की नापी भी हुई थी। इसी बीच में शिवजी यादव ने प्रस्तावित जमीन पर मकान बना लिया। इस बात को लेकर दो गुट दशरथ साह और जयकांत यादव आपस में भिड़ गए। मामले ने तूल पकड़ लिया और बात कहासुनी से लाठी-डंडे तक पहुंच गई। इसी में दशरथ साह को दूसरे पक्ष के लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया था। लोहे की रॉड से सिर पर वार किए जाने के कारण उनकी हालत गंभीर थी। गुरुवार देर रात घर पर ही उनकी मौत हो गई, जिसके बाद लोगों का गुस्सा फूटा।
बांस बल्लियों से किया प्रखंड मुख्यालय को जाम
जमीनी विवाद में पीट-पीटकर मार डालने से लोगों का आक्रोश बढ़ गया। शुक्रवार की सुबह वे SH 91 पर पहुंच गए। वहां स्थित प्रखंड मुख्यालय के गेट पर लगातार 2 घंटे तक तोड़फोड़ मचाई। इस दौरान उन्होंने आगजनी भी की। इससे यातायात बुरी तरह बाधित हो गया। मौके पर थानाध्यक्ष सियावर मंडल ने पहुंच कर मामले को शांत कराया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि एंटी मार्टम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा।
FIR दर्ज
मामले में दोनों पक्षों ने थाने में FIR दर्ज कराई है। दशरथ साह की पत्नी निभा देवी ने बताया कि मारपीट में बेटी और उसे भी पीटा गया था। आरोपी ने लोहे की रॉड से छाती पर वार किया था, जिसके कारण मेरे पति मौके पर ही बेहोश हो गए थे। पिंटू यादव, प्रशांत कुमार, श्रवण कुमार, सिन्धु देवी,रतन देवी समेत समेत 8 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, दूसरे पक्ष के जयकांत यादव की पत्नी सिंधु देवी ने शिवजी यादव, मनोज कुमार, नवीन कुमार, विद्यानंद यादव, नीतीश कुमार, रंजन रजक,शंभू रजक, दशरथ साह, केन्दुला देवी,सकुनी देवी और निभा देवी कुल ग्यारह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
3 घंटे तक पेड़ से बांधकर युवक को पीटा था
इससे पहले चौसा के लौआलगान पूर्वी पंचायत वार्ड 2 में जमीन विवाद में भी एक युवक को पेड़ में बांधकर 3 घंटे तक पीटा गया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे थे और बंधक को छुड़ाया था। बंधक की हालत गंभीर है। बंधक बनाने के बाद दूसरे पक्ष को फंसाने की नीयत से ट्रैक्टर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास भी किया था। बेरहमी से पीटने की इस घटना के बाद कुमारखंड के सिंहपुर में भी ऐसा ही मामला आया। इसलिए शुक्रवार को लोगों का गुस्सा इस कदर फूटा।