भोजपुर। भोजपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हथियारबंद बदमाशों ने एक पूर्व मुखिया समेत दो लोगों को गोली मार दी। हमले में दोनों जख्मी हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। घायलों में एक महिला भी शामिल है। हालांकि, दोनों खतरे से बाहर है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। वारदात को लेकर अंदर ही अंदर दो गुटों के बीच तनाव गहरा गया है। हालांकि, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है।
--
खिड़की के पास सोई थी महिला, मार दी गई गोली
पीरो थाना क्षेत्र के हसनबाजार ओपी अन्तर्गत रसौली गांव में बुधवार की देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को गोली मार दी। जिसमें वह जख्मी हो गई। जख्मी बुजुर्ग महिला 65 वर्षीया शिवदुलारो देवी रसौली गांव निवासी स्व. मन्द्रिका सिंह की पत्नी बताई जाती है। जख्मी महिला को गोली बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी है। इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा में भर्ती कराया गया है। इधर, जख्मी बुजुर्ग महिला की बहू पूजा देवी ने बताया कि बुधवार की शाम गांव के ही कुछ युवकों द्वारा महिला के छोटे पुत्र नागेंद्र को जबरन शराब पिलाकर और मारपीट कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था। जिसको लेकर नोकझोंक हुई थी। रात्रि पहर करीब 11 बजे जब महिला घर मे खिड़की के पास सोई थी कि उसी बीच उक्त युवक एक बार फिर उनके दरवाजे पर आ धमका और गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उन्होंने फायरिग शुरू कर दी। जिसमें खिड़की के पास फायरिग करने के दौरान बुजुर्ग महिला को गोली लग गई। जिससे वह जख्मी हो गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया।हालांकि घटना का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही पीरो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रही है।
--
घर से मंदिर में पूजा करने जाने के दौरान मारी गई पूर्व मुखिया को गोली
दूसरी घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के मड़नपुर गांव की है। जहां, गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे हथियारबंद बदमाशों ने पूर्व मुखिया को गोली मार दी। जिससे वे जख्मी हो गए। जख्मी पूर्व मुखिया 75 वर्षीय जगनारायण पंडित मड़नपुर गांव के निवासी है। बरुणा पंचायत के पूर्व मुखिया बताए जाते हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में मुखिया का चुनाव जीता था। सदर अस्पताल, आरा में इलाज चल रहा है। हालांकि, संध्या समय सर्जन डॉक्टर विकास कुमार ने ऑपरेशन कर गोली निकाल दी। इधर, जख्मी मुखिया के पुत्र निर्मल कुमार पंडित उर्फ साधु ने बताया कि उसके पिता हर रोज अहले सुबह गांव स्थित मंदिर में पूजा करने जाते हैं। गुरुवार की अहले सुबह करीब चार बजे वे मंदिर जाने से पहले नित्यक्रिया के लिए बाथरूम जा रहे थे। इस बीच हथियारबंद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। जिससे वे जख्मी हो गए। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। जहां, उनका इलाज कराया जा रहा है। जख्मी पूर्व मुखिया को एक गोली दाएं पैर में घुटना के ऊपर गोली लगी है। दूसरी, गोली बाएं हाथ में बाहं पर लगी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।