साग तोड़ने के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या
सहरसा। गोलमा पूर्वी पंचायत स्थित ऊंटी नवटोलिया वार्ड नंबर 15 में सोमवार की शाम खेत में साग तोड़ने को लेकर हुये विवाद में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि शंभू यादव की एक बच्ची मध्य विद्यालय तिलाठी के समीप एक खेत में साग तोड़ रही थी। जिस खेत में साग बच्ची तोड़ रही थी, वह खेत शिवकुमार यादव का था जिसमें फसल कंचन देवी, पति रामदेव रजक ऊंटी नवटोलिया द्वारा लगाया गया था। इसी बात को लेकर रामदेव रजक और उनकी पत्नी कंचन देवी और बच्ची को खेत में पकड़कर मारपीट की। बच्ची रोते हुए घर जाकर अपने पिता शंभू यादव को यह जानकारी दी। जिसपर शंभू यादव उस खेत के समीप पहुंचकर उनलोगों से उलझ गये। इसके बाद शंभू की पिटाई की गई जिसमें उसकी मौत हो गई। स्वजनों ने कंचन देवी के पति रामदेव रजक समेत अन्य पर हत्या करने की बात कही है। सूचना मिलने पर ओपी अध्यक्ष अजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। ओपी अध्यक्ष ने बताया कि साग तोड़ने के विवाद के कारण हुई मारपीट में शंभू यादव की मौत हुई है।