बसनही थाना क्षेत्र के मंगवार बाजार में शनिवार की रात 8:30 बजे के करीब मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला के साथ एक युवक ने दुष्कर्म करने का असफल प्रयास किया। महिला द्वारा प्रतिरोध करने के दौरान घटनास्थल पर पूर्व से गिरे शीशे के टुकडे से महिला गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हालांकि कयास लगाई जा रही है कि आरोपी युवक ने ही शोर मचाए जाने पर आक्रोशित होकर महिला को जख्मी कर दिया।
मौके पर महिला द्वारा शोर मचाने से ग्रामीणों को जुटते देख आरोपी युवक फरार हो गया। आरोपी युवक की पहचान स्थानीय लोगों द्वारा बरैठ पंचायत के तमकुलहा गांव निवासी कुंदन कुमार यादव के रूप में हुई, जो मंगवार में अपनी दुकान चलाता है। घटना के बाबत स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बीते दो दिन से मानसिक रूप से विक्षिप्त एक अज्ञात अधेड़ महिला मंगवार बाजार में रह रही थी।शनिवार की रात जब लगभग सभी दुकानें बंद हो गई तो तमकुल्हा गांव का कुंदन कुमार के द्वारा उक्त महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया जाने लगा। इस दौरान महिला के विरोध करने पर घटना स्थल पर गिरे शीशे के टुकडे से उसका हाथ भी कट गया और उसे काफी चोटें भी आई। महिला द्वारा शोर मचाने के बाद इक्का दुक्का स्थानीय लोग इकट्ठा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इसकी सूचना बसनही थानाध्यक्ष को दी गई। लेकिन घटना की सूचना मिलने के बाद पहुंची बसनही पुलिस के गाड़ी में जगह नहीं रहने के कारण स्थानीय मुखिया विकास कुमार सिंह सहित अन्य ग्रामीणों के द्वारा उसे बसनही थाना पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज कराया गया। घटना के बाबत बसनही थानाध्यक्ष श्वेत कमल ने बताया कि पुलिस के द्वारा आरोपी के घर छापेमारी भी की गई। लेकिन आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उन्होंने दुष्कर्म के मामले को एक सिरे से खारिज कर दिया है।