पटना डेस्क । प्रदेश का मौसम (Bihar Weather) काफी तेजी से बदल रहा है। गुरुवार (7 जनवरी ) को राजधानी का तापमान पिछले 26 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 28.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान (Maximum temperature) के साथ पटना राज्य में सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। यह सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, राजधानी के न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। सामान्य से छह डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
कल भी बढ़ेगा अधिकतम तापमान
राजधानी के अलावा गया, भागलपुर एवं पूर्णिया के तापमान में भी काफी वृद्धि दर्ज की गई।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में पूरे प्रदेश का आकाश साफ है। इसलिए गुरुवार को अच्छी धूप निकली। तेज धूप के कारण ही प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में भारी उछाल देखा जा रहा है। राजधानी के तापमान में शुक्रवार को भी वृद्धि होने की उम्मीद है। उसके बाद शनिवार को तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
शनिवार से फिर कंपकंपाएगी बर्फीली हवाएं
गुरुवार की सुबह से ही धूप तेवर दिखाने लगी थी। दिन चढऩे के साथ वातावरण में गर्मी भी बढ़ती गई। सुबह में स्वेटर या जैकेट पहनकर लोग बाहर निकले, दोपहर में पसीने-पसीने होने लगे। लोगों को दोपहर में स्वेटर व जैकेट खोलना पड़ा। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। कभी बादल छाएंगे तो कभी आकाश साफ हो जाएगा। शनिवार से पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं की गति में भी तेजी आने की उम्मीद है। उससे वातावरण में कनकनी बढ़ सकती है।
गुरुवार को राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर : अधिकतम : न्यूनतम तापमान
पटना : 28.8 : 14.4
गया : 28.6 : 11.4
भागलपुर : 28.2 : 14.6
पूर्णिया : 26.5 : 13.9
मुजफ्फरपुर : 25 : 15.1
छपरा : 24.6 : 16
दरभंगा : 26 : 14.4
सुपौल : 25.7 : 13.7
बक्सर : 27.7 : 15.2
मधुबनी : 26.6 : 12.1
फारबिशगंज : 26.6 : 15.2
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)
==============
राजधानी का जनवरी में पिछले वर्षों का अधिकतम तापमान
वर्ष : अधिकतम तापमान
2021 : 28.8
2019 : 26.8
2018 : 25.3
2017 : 28
2016 : 27.6
2015 : 25.7
2014 : 24.9
2013 : 26.1
2012 : 24.7
2011 : 27.9
2010 : 27.8
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)