बस चालक की एक झपकी ने यात्रियों की जान जोखिम में डाल दी। NH-57 पर पटना से पूर्णिया जा रही जय माता दी बस पलट गई। इसमें 8 लोग गम्भीर रूप से जख्मी हो गए। घटना सुबह 4 बजे की है। घटनास्थल पर जुटे लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भीमपुर थाने की पुलिस ने जख्मी यात्रियों को ग्रामीणों की मदद से नरपतगंज हॉस्पिटल में भर्ती कारा दिया है। बस में 90 लोग सवार थे। बस BR21P-2088 पटना से 90 यात्रियों को लेकर पूर्णिया जा रही थी। उसी क्रम में भीमपुर केवला वार्ड 07 के पास NH-57 पर चालक को झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित होकर 15 फिट गहरे गढ्ढे में पलट गई।
यात्रियों की चीख पर दौड़े आए लोग
घटना में रामचंद्र, हेमचंद्र कुमार, महिबुल हक, बसता, बुद्धु, अशोक, सुखदेव एवं सुकल घायल हैं, ये सभी पूर्णिया के हैं। सभी खतरे से बाहर बातए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अहले सुबह अचानक जोर से आवाज आई, जिसके बाद बाहर निकल कर देखा तो बस गढ्ढे में पलटी मिली। यात्रियों को चिल्लाते देख सभी लोग उन्हें बस से सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए। भीमपुर थानाध्यक्ष सुबोध यादव ने बताया कि चालक के झपकी आने के कारण घटना घटी। इसमें बस अनियंत्रित होकर NH-57 पर 15 फीट नीचे एक गढ्ढे में जा गिरी। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।