सुपौल के राघोपुर में एक भतीजे ने अपने ही दो सगे चाचा को पेट में गोली मार दी। जमीन विवाद को लेकर चल रही कहासुनी में बात बिगड़ गई और भतीजे ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसमें डॉक्टर-इंजीनियर दोनों भाइयों के पेट में गोली लग गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए दरभंगा के DMCH रेफर कर दिया गया है। घटना धर्मपट्टी गांव की है। जमीन विवाद में गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई।
क्या है पूरा मामला
शुक्रवार की शाम साढ़े 7 बजे जमीन विवाद को लेकर धर्मपट्टी गांव में एक सगे भतीजे की अपने दो चाचा से कहासुनी हो गई। धीरे-धीरे बात इतनी बिगड़ गई कि सगे भतीजे ने ही अपने चाचा पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। इसमें ई. सतीश चंद्र झा और डॉ. अमिताभ झा के पेट में गोली लग गई। स्थानीय लोगों ने जब गोलीबारी होते देखा तो बीचबचाव को आए और घायलों को इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को दरभंगा रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का इलाज DMCH में चल रहा है।