जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार अपराध बढ़ गए हैं। जिस अनुपात में खासकर हत्या जैसी बड़ी घटनाएं हो रही हैं, उसमें शामिल मुख्य अपराधियों की उस अनुपात में न तो गिरफ्तारी हो पा रही है और न ही कई थानों की पुलिस को बड़े अपराध को रोक पाने में सफलता मिल पा रही है। खासकर मुरलीगंज थाना क्षेत्र में पिछले कुछ माह में लगातार खासकर हत्या की घटनाएं हो रही हैं, पर उन घटनाओं में शामिल बड़े और मुख्य अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। इसे देखते हुए एसपी योगेंद्र कुमार में मुरलीगंज के थानाध्यक्ष किशोर कुमार को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दरअसल दो सप्ताह पूर्व मुरलीगंज के एक वार्ड पार्षद की बेटी की हत्या हो गई। उसका शव बैंगा नदी रेलवे के आस-पास से मिला। इस मामले ने मुरलीगंज में तूल पकड़ लिया है। पुलिस न तो अपराधी को गिरफ्तार कर पाई है और न ही कांड का खुलासा ही कर सकी। एक लड़के को इस मामले में गिरफ्तार किया भी गया, पर वह भी संदिग्ध ही बताया जा रहा है। दो दिन पूर्व इस कांड को लेकर व्यवसायियों ने बाजार तक बंद रखा था। बताया जा रहा है कि पिछले कई माह से थानाध्यक्ष किशोर कुमार व्यक्तिगत कारणों से अक्सर छुट्टी पर भी रह रहे हैं। इस कारण से थाने का कार्य लगातार प्रभार में ही चल रहा है।
सख्ती : बेहतर रिजल्ट नहीं देने वाले थानाध्यक्षों पर गिर सकती है गाज
एसपी योगेंद्र कुमार ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि अपराध नियंत्रण की दिशा में ठोस कार्रवाई करें। ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि मुरलीगंज के थानाध्यक्ष किशोर कुमार अपराध नियंत्रण नहीं कर पा रहे थे। इस कारण से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया। ज्ञात हो कि बिहारीगंज के थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार को मुरलीगंज का थानाध्यक्ष बनाया गया है।