भागलपुर के नारायणपुर गांव में प्रमुख पति मंटू यादव और मुखिया भूपेंद्र यादव के बीच गोलीबारी हुई। वर्चस्व की लड़ाई में दोनों पक्षों के बीच फायरिंग हुई है। इस दौरान प्रमुख पति मंटू यादव ने मुखिया के पाटिदार प्रिंस कुमार को गोली मार दी। घायल युवक को परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गोलीबारी के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। दोनों पक्षों के बीच विवाद से तनाव बना हुआ है।
इसलिए चलाई गोली
घायल युवक प्रिंस कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह में ही प्रमुख पति और भूपेंद्र यादव के बीच पुरानी रंजिश की वजह से गोलीबारी होने लगी। रास्ते से गुजरने के दौरान मुखिया पति की उसपर नजर पड़ गई। मुखिया का गोतिया बोलकर उसने गोली चला दी, जो प्रिंस के पीठ में जाकर लगी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन उसे बिहपुर पीएचसी ले गए, जहां स्थिति को गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल भेज दिया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।
क्या बोले एसडीपीओ
इस मामले पर नौगछिया एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि 4-5 दिन मुखिया भूपेंद्र यादव और प्रमुख पति मंटू यादव के बीच बच्चों के झगड़े को लेकर विवाद हुआ था। इसी वजह से शुक्रवार की सुबह दोनों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें प्रिंस कुमार घायल हुआ है। गोलीबारी की घटना को लेकर किसी तरह का आवेदन नहीं मिला है, लेकिन प्रमुख पति मंटू यादव को हिरासत में ले लिया गया है।