पटना। Crime in Patna: बिहार की राजधानी पटना के महिला थाने में मंगलवार को अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दरअसल, शादी तय होते समय छोटे भाई की तस्वीर दिखाकर बड़े भाई से विवाह करा दिया गया। शादी में विदाई के बाद उसे जब पता चला तो उसने महिला थाने में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है और नवविवाहित पति के साथ रहने से इन्कार किया है।
दानापुर की रहने वाली है शिकायत करने वाली महिला
महिला थाने में दिए आवेदन के अनुसार दानापुर की रहने वाली एक महिला ने कहा है कि शादी से पहले उसे किसी अन्य लड़के की तस्वीर दिखाई गई और जब शादी हुई तो दूसरे लड़के से।
परिवार के सदस्यों से भी बयान लेगी पुलिस
पुलिस की मानें तो इस मामले में वर और कन्या दोनों पक्षों के परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद ही कोई कार्रवाई होगी। बहरहाल महिला के साथ अगर गलत हुआ है तो उसे न्याय जरूर दिलाया जाएगा।
महिला आयोग के कार्यरत नहीं होने मुश्किल
बिहार राज्य महिला आयोग के सदस्यों का कार्यकाल खत्म हो जाने की वजह से प्रदेश की महिलाओं को मुश्किल हो रही है। उन्हें न चाहते हुए भी पारिवारिक मामलों में शिकायत के लिए थाना जाना पड़ रहा है। महिला आयोग में कई बार पारिवारिक झगड़े बिना किसी केस-मुकदमे के भी सुलझ जाते हैं। बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का कार्यकाल बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले खत्म हो गया था। तब से नये सदस्यों की नियुक्ति नहीं हुई है।