कोशी लाइव_नई सोच नई खबर।
अक्की।
अक्की।
नालंदा। जिले से एक बार फिर बड़ी वारदात सामने आई है। यहां पति ही पत्नी का दुश्मन बन गया। दूसरी महिला से संबंध का विरोध करने पर पति ने बेटी के सामने पत्नी की ईंट से कूच-कूचकर जान ले ली। मामला नूरसराय थाना क्षेत्र का है।
वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल
मृतका की पहचान सरस्वती देवी के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस जांच के लिए पहुंच गई है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। परिजनों मे तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल पुलिस कुछ भी कहने से इन्कार कर रही है।
आरोपित ने की थी दूसरी शादी
नूरसराय थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में बुद्धन मांझी पत्नी सरस्वती देवी के साथ रहता था। सरस्वती बुद्धन की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी परवतिया देवी की मौत के बाद बुद्धन ने दूसरी शादी की थी। शादी के बाद से ही बुद्धन का मुन्नर देवी नाम की महिला से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जिसका विरोध सरस्वती करती थी। इस बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे।
बोली बेटी, अक्सर होती थी बहस
आरोप है कि शनिवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। इसी बीच तैश में आकर बुद्धन ने सरस्वती को ईंट से मारना शुरू कर दिया। बुद्धन ने अपनी पत्नी पर तबतक वार किया जबतक उसकी मौत नहीं हो गई। मृतका की बेटी नैना ने बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां के साथ मारपीट करते थे। शनिवार को भी दोनों के बीच बहस हुई थी। इसी के बाद पिता ने मां की ईंट से कूच-कूचकर हत्या कर दी। जानकारी पर पहुंची नूरसराय थाना क्षेत्र की पुलिस ने हत्या करने के आरोप में मुन्नर देवी और बुद्धन मांझी को गिरफ्तार कर लिया है।