कोशी लाइव:अक्की
नगर परिषद के मुख्य पार्षद की कुर्सी को लेकर वार्ड पार्षदों की गुटबाजी का दौर लगातार जारी है। अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्य पार्षद रही सुधा कुमारी को कुर्सी गंवानी पड़ी। फिलहाल उपमुख्य पार्षद को मुख्य पार्षद पद की जिम्मेदारी दी गयी है।
मुख्य पार्षद पद पर दावेदारी को लेकर पार्षदों के दोनों गुट एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। पूर्व मुख्य पार्षद के समर्थक गुटों द्वारा लगाए गए आरोप को दूसरे गुट में रहे 14 पार्षदों ने गलत बताया है। शुक्रवार को वार्ड 21 की वार्ड पार्षद कविता कुमारी के आवास पर दूसरे गुट के सभी 14 पार्षदों ने बैठक कर मीडिया कर्मियों के समक्ष पूर्व मुख्य पार्षद के गुटों के बयान पर प्रतिक्रिया दी। पार्षदों ने अवैध तरीके से सीसीटीवी फुटेज निकालने वाले पार्षदों पर कार्रवाई की मांग की।
मतदान का सीसीटीवी फुटेज कमेटी के आदेश के बिना कैसे निकाला गया। इसके लिए दोषी अधिकारी और पार्षदों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। पूर्व मुख्य पार्षद और उनके समर्थक पार्षद अविश्वास प्रस्ताव में अपनी हार से बौखलाकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। जल्द ही नगर परिषद में हुए कई घोटाले सामने आ जाएंगे। मौके पर पार्षद कुमारी विनीता भारती, डॉ अभिलाषा कुमारी, अहिल्या देवी, कुमारी रूबी, निर्मला देवी, मनीष कुमार, सुप्रिया कुमारी, कंचन भारती, रीता देवी, उषा देवी, कविता कुमारी, अनमोल कुमार, गोनर ऋषिदेव, ज्योति कुमारी मौजूद थी।